इंदौर स्थित श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर मल्हारगंज में “साहू शरणम विशुद्ध भवन” का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह हुआ संतों के प्रवास, साधु सेवा और धर्म प्रभावना का बनेगा केंद्र
इंदौर। (देवपुरी वंदना) औद्योगिक नगरी इंदौर की धार्मिक धरा पर श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन बीस पंथी मंदिर, मल्हारगंज में “साहू शरणम विशुद्ध भवन” के निर्माण का शुभारंभ धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। पट्टाचार्य श्री 108 सुनील सागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 साध्य सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ।
भूमि पूजन का सौभाग्य श्री श्रवण कुमार-स्नेहलता सोगानी परिवार, उज्जैन को प्राप्त हुआ, जबकि शिलान्यास का सौभाग्य श्री नरेशचंद्र-अभाजी सेठी (श्री भंवरलाल सेठी) परिवार को मिला। धार्मिक क्रियाएं एवं विधान पंडित श्री नितिन झांझरी द्वारा संपन्न कराए गए।
संत भवन केवल निर्माण नहीं, साधु सेवा का संकल्प — सुनील सागर जी
इस अवसर पर पट्टाचार्य श्री 108 सुनील सागर जी महाराज ने कहा कि संतों के लिए भवन का निर्माण केवल ईंट-पत्थरों का निर्माण नहीं है, बल्कि यह साधु-संतों की सेवा, धर्म प्रभावना और संस्कारों के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम है। जहां संतों का प्रवास होता है, वहां धर्म, संस्कार और शांति का वातावरण स्वतः निर्मित होता है। उन्होंने कहा कि यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी साधु सेवा एवं धर्म के प्रति समर्पण की प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
संत भवन धार्मिक एकता और सेवा भावना का प्रतीक — साध्य सागर जी
मुनि श्री 108 साध्य सागर जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि संत भवन का निर्माण समाज की सेवा भावना, धार्मिक एकता और साधु-संतों के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। ऐसे पुनीत कार्यों में सहयोग करने वाले प्रत्येक परिवार को धर्मलाभ प्राप्त होता है और समाज में सेवा एवं संस्कारों की भावना मजबूत होती है।
समारोह में मंदिर व्यवस्थापक कमेटी के राजेश पांड्या, अजयपाल टोंग्या, धर्मेंद्र पाटनी, अजय रावका, भरत काला एवं इंजी. अनीश रावका सहित समाज के अनेक श्रद्धालु, पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे !
—- मनमोहन झांझरी ✍🏻

