शांतिनाथ जैन अखिल भारतीय जैन पत्र संपादक संघ के कर्नाटक प्रांतीय अध्यक्ष मनोनीत
(तुमकुर कर्नाटक) देवपुरी वंदना ! अखिल भारतीय जैन पत्र संपादक संघ ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कर्नाटक प्रांत के अध्यक्ष पद पर तुमकुर निवासी श्री शांतिनाथ जैन को मनोनीत किया है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगदीश प्रसाद जैन ने उनकी सामाजिक सक्रियता एवं जैन पत्रकारिता के प्रति रुचि को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
तुमकुर में जैनाचार्य पूज्य श्री प्रमुखसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में आयोजित एक विशेष समारोह में श्री शांतिनाथ जैन का सम्मान करते हुए उन्हें नियुक्ति संबंधी दायित्व प्रदान किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में उपस्थित जैन पत्रकारों एवं पत्र-पत्रिकाओं के संपादकों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
संघ के महामंत्री डॉ. अखिल बंसल ने नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि कर्नाटक में जैन पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा रही है। यहां अनेक जैन पत्र-पत्रिकाएं एवं साहित्यिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। ऐसे में सभी जैन पत्रकारों, संपादकों एवं प्रकाशकों को एक साझा मंच पर लाकर संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने श्री शांतिनाथ जैन से आग्रह किया कि वे शीघ्र ही प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाकर प्रांतीय एवं जिला स्तर पर संगठन का विस्तार करें तथा अधिकाधिक जैन पत्रकारों को संघ से जोड़ें।
इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष श्री शांतिनाथ जैन ने पूज्य आचार्य श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने संघ द्वारा जताए गए विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेंगे। कर्नाटक के जैन पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करना, जैन पत्र-पत्रिकाओं के संपादकों को संगठित करना तथा जैन संस्कृति, सिद्धांतों एवं सामाजिक चेतना से जुड़े विषयों को पत्रकारिता के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगदीश प्रसाद जैन ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री शांतिनाथ जैन के नेतृत्व में कर्नाटक प्रांत में संघ की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और जैन पत्रकारों के बीच संगठनात्मक एकता एवं सहयोग की भावना मजबूत होगी।
समारोह में देशभर से आए जैन पत्रकारों ने श्री शांतिनाथ जैन को शाल, माला एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की। आचार्य श्री के सान्निध्य में संपन्न यह आयोजन जैन पत्रकारिता के संगठनात्मक विस्तार एवं आपसी समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।

