दुखद घटना.. हाइटेंशन लाइन बनी मौत का कारण, गल्ला व्यापारी की पत्नी श्रीमती सीमा जैन की दर्दनाक मौत

बेगमगंज। नगर के पुराना बस स्टैंड स्थित बुधवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे शहर को गमगीन कर दिया। अनाज व्यापारी स्व. पदमचंद जैन के पुत्र राजेश जैन ‘राजू’ की धर्मपत्नी, श्रीमती सीमा जैन (48 वर्ष) का हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से दुखद निधन हो गया। इस घटना से नगर में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 6 बजे श्रीमती सीमा जैन अपने घर की छत पर गेहूं सुखाने के लिए गई थीं। इसी दौरान उन्होंने एक पॉलिथीन धोकर उसका पानी झटका, तभी तेज हवा के कारण वह पॉलिथीन उड़कर पास से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से जा चिपकी। देखते ही देखते करंट फैल गया और वह उसकी चपेट में आ गईं। यह सब इतना अचानक हुआ कि संभलने का मौका तक नहीं मिला।
कुछ ही क्षण बाद छत पर किसी भारी वस्तु के गिरने की आवाज सुनकर पास ही रहने वाले किराएदार राजेश यादव छत पर पहुंचे। वहां का दृश्य देख उनके होश उड़ गए—श्रीमती सीमा जैन अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों और परिजनों को सूचना दी।
परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अपनों के सामने ही एक हंसता-खेलता जीवन यूं असमय समाप्त हो गया। यह मंजर देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि पूरे नगर के लिए एक गहरा आघात है।

You might also like

Comments are closed.