इंदौर दिगंबर जैन समाज (सामाजिक संसद) चुनाव मे योगेश जैन और प्रिंसपाल टोंग्या का नामांकन खारिज 5 मार्च तक का समय शेष है
![]()
इंदौर ! (देवपुरी वंदना) दिगंबर जैन सामाजिक संसद के अध्यक्ष पद के लिए 15 मार्च को होने वाले चुनाव अब और दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गए हैं। कुल 7 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन फॉर्म जमा किए गए थे, जिनमें से 2 नामांकन जांच के दौरान निरस्त कर दिए गए हैं। अब मुकाबला 5 प्रत्याशियों के बीच रह गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन पत्रों में त्रुटियां पाए जाने के कारण प्रिंसपाल टोंग्या और योगेश जैन के फॉर्म खारिज कर दिए गए। इसके साथ ही अब चुनावी मैदान में पांच उम्मीदवार शेष हैं। हालांकि 5 मार्च तक नाम वापसी की प्रक्रिया जारी रहेगी। यदि कोई प्रत्याशी नाम वापस नहीं लेता है, तो सीधा मुकाबला पांचों के बीच होगा।
अब इन पांच के बीच है मुकाबला:
सुशील पण्ड्या (64 वर्ष), दिलीप पाटनी (69 वर्ष)
आनंद गोधा (55 वर्ष)
आशीष जैन (53 वर्ष)
बाहुबली जैन (55 वर्ष)
उम्मीदवारों की आयु 53 से 69 वर्ष के बीच है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार नेतृत्व अनुभवी हाथों में जाएगा या अपेक्षाकृत युवा नेतृत्व को अवसर मिलेगा।
इंदौर दिगंबर समाज के 132 मंदिरों के 756 मतदाता 15 मार्च को अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए अध्यक्ष का चयन करेंगे। चुनाव परिणाम समाज की आगामी दिशा और नीतियों को तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
अब सबकी निगाहें 5 मार्च पर टिकी हैं, जब नाम वापसी के बाद अंतिम प्रत्याशियों की सूची स्पष्ट होगी। उसके बाद चुनावी सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है।
