पातालपानी और कालाकुंड में उमड़े 5000 से अधिक सैलानी

इंदौर। जिले के पर्यटन स्थलों पर बारिश के महीने में पहली बार एक ही दिन में रविवार को करीब 5 हजार सैलानी पहुंचे। कोरोना संक्रमण के बाद पातालपानी और कालाकुंड में यह स्थिति बनी। यहां सैलानियों का आने के सिलसिला सुबह से शुरू हुआ जो देरशाम तक चलता रहा। सैलानियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस को खासी मशक्कत करना पड़ी। यहां एक-चार का बल तैनात किया गया था। कुछ सैलानियों ने महू से पातालपानी होते हुए कालाकुंड तक जाने के लिए हेरिटेज ट्रेन का लुत्फ भी उठाया।

कोरोना संक्रमण खत्म होने के बाद जिले के पर्यटन स्थल पातालपानी, चोरल, तिंछाफाल में बारिश के चार माह सैलानियों की आवाजाही बनी रहती है। सर्वाधिक सैलानी पातालपानी जाते हैं। यहां का झरना, हरित पहाड़ियां और हरियाली सैलानियों को लुभाती है। सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम पंचायत व जिला प्रशासन की ओर से कई काम कराए गए हैं, जिससे काफी हद तक हादसों पर रोक लग सकी है। इसके बावजूद कुछ सैलानी कुंड के पास जाकर नहाने की कोशिश में जान गंवा देते हैं। पिछले दो साल से पर्यटन स्थलों पर ताले लगे हुए थे। इस दौरान ग्रामीण ही चोरी छिपे यहां सैर सपाटा करते थे। इस बार सैलानी पर्यटन स्थलों के खुलने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही बारिश के साथ पर्यटन स्थल खुले, सैलानी उमड़ पड़े। उधर, पुलिस उन सैलानियों पर केस दर्ज करने की तैयारी में है, जो सैलानी नीचे कुंड तक चले जाते हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.