भोपाल की ख्याति जैन मौत मामला मां का बड़ा आरोप “स्कूल के दोस्त तनिष ने की हत्या”

भोपाल ! अशोका गार्डन के वर्धमान ग्रीन पार्क कॉलोनी में 11 मई को 19 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी, लेकिन मृतका की मां वर्षा जैन ने इस थ्योरी पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और मानवाधिकार आयोग को शिकायती आवेदन भेजकर ख्याति के स्कूल फ्रेंड तनिश पर हत्या का आरोप लगाया है। विदिशा के मुरवास निवासी शिक्षिका वर्षा सिंगल मदर हैं और ख्याति के साथ यहां किराये पर रह रही थीं। घटना वाले दिन वह सोनकच्छ गई थीं। सीसीटीवी के मुताबिक तनिश सुबह 10:54 बजे घर आया और 2:10 बजे निकला। निकलने के 3 मिनट बाद ख्याति की इंस्टा आईडी से मां को मैसेज आया मम्मी मैं सो रही हूं। मां का कहना है बेटी हमेशा सो रहा हूं लिखती थी, इसलिए मैसेज तनिश ने किया क्योंकि उसके पास आईडी का एक्सेस था। दोपहर 3:13 बजे तनिश के पास सुसाइड मैसेज गया पर उसने बचाने की कोशिश नहीं की। शाम 5:43 बजे वह फिर आया और बाहर से ही ख्याति की बॉडी का वीडियो बनाया। पोस्टमार्टम में कलाई पर दो गहरे कट और रेडियल आर्टरी कटने से अत्यधिक खून बहने से मौत की पुष्टि हुई। मौके पर कम खून मिलने से फर्श साफ करने की आशंका है। बिसरा और सैंपल फॉरेंसिक भेजे गए हैं। एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल जांच कर रही हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.