अ.भा.जैन पत्र संपादक संघ और अथाई मीडिया इंटरनेशनल द्वारा भारत मैत्री यात्रा एवं अंतर्राष्ट्रीय विद्वत् संगोष्ठी, पत्रकार सम्मेलन व साहित्योत्सव संपन्न

नेपाल/ काठमांडू (देवपुरी वंदना) अथाई मीडिया इंटरनेशनल व अखिल भारतीय जैन पत्र संपादक संघ की ओर विगत सप्ताह 10 दिवसीय नेपाल भारत मैत्री यात्रा के अंतर्गत 24 मई से 2 जून 26 तक नेपाल जैन परिषद के तत्वावधान में कमल पोखरी स्थित भगवान महावीर जैन निकेतन में अंतरराष्ट्रीय विद्वत् संगोष्ठी व पत्रकार सम्मेलन का सफल आयोजन नेपाल जैन परिषद के अध्यक्ष श्री सुशील जैन की अध्यक्षता तथा आचार्य डॉक्टर लक्ष्मण पंथी कार्यकारी निदेशक नेपाल सरकार संस्कृति पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

विशिष्ट अतिथि के रूप में भगवान महावीर जैन निकेतन के अध्यक्ष श्री लोकमान्य गोलछा, श्री ज्योति कुमार बेगानी( पूर्व अध्यक्ष नेपाल जैन परिषद), श्री दिनेश कुमार नौलख( अध्यक्ष नेपाल श्वेतांबर तेरापंथ सभा), श्री फूल कुमार लालवानी (अध्यक्ष नेपाल अणुव्रत समिति) व ज्योतिषविद् पिनारका मिस्त्री- मुंबई की उपस्थिति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। स्थानीय समाज सेवियों में श्री सुभाष सेठी, श्री पंकज जैन और श्री सुमित जैन की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। समारोह में अथाई मीडिया इंटरनेशनल के अध्यक्ष डॉ जयेन्द्रकीर्ति स्वामी जी, संस्था के संस्थापक व निदेशक डॉ अखिल बंसल, जैन पत्र संपादक संघ के अध्यक्ष श्री जगदीश प्रसाद जैन एवं कार्याध्यक्ष श्री अनिल जैन आईपीएस के साथ समागत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। स्वागताध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सरावगी ने सभी आगत अतिथियों का रुद्राक्ष की माला पहनाकर और दुपट्टा उड़ाकर सम्मान किया। डा. अल्पना जैन ने सभी का परिचय प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ जयेन्द्र कीर्ति जी द्वारा नेपाली भाषा में अनूदित आचार्य श्री विद्यासागर जी की कृति ‘मूकमाटी’ व आचार्य विशुद्ध सागर जी की कृति ‘वस्तुत्व
महाकाव्य’ के साथ प्राकृत और संस्कृत के अध्येता विद्वान डॉक्टर श्रीयांश कुमार जी की कृति ‘जोग सारो सहज योग ख्याति संस्कृत टीका का विमोचन मंचासीन अतिथियों द्वारा किया गया। डॉक्टर अखिल बंसल द्वारा संपादित पाक्षिक पत्र समन्वय वाणी के नेपाल यात्रा विशेषांक तथा जगदीश प्रसाद जी द्वारा संपादित जैसवाल जैन जागरण के नवीन अंक का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया।
विश्व के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब भारत के बाहर अन्य देश में इस प्रकार की संगोष्ठी, पत्रकार सम्मेलन व साहित्योत्सव जैसा कार्यक्रम एक साथ कराया गया हो। नेपाल जैन परिषद के श्री सुमित जैन ने कुशलता पूर्वक मंच संचालन किया। संगठन के संस्थापक व निदेशक डॉक्टर अखिल बंसल ने विस्तार से अथाई मीडिया इंटरनेशनल का परिचय दिया।संगोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने दिए गए विषयों पर अपने सारगर्भित विचार रखे। विद्वत् संगोष्ठी का संचालन डॉक्टर राजीव प्रचण्डिया संपादक जय कल्याण श्री ने किया। डॉ जयेन्द्र कीर्ति स्वामी जी ने मूकमाटी एवं वस्तुत्व महाकाव्य पर प्रकाश डालते हुए अथाई मीडिया इंटरनेशनल से सभी को जुड़ने का आह्वान किया। समारोह के अंत में सभी को प्रशस्ति पत्र व पशुपतिनाथ मंदिर का सुंदर मोमेंटो भेंट किया गया।
27 मई की रात्रि में स्वामी जयेन्द्र कीर्ति जी की अध्यक्षता तथा पंकज जी व सुमति जी के आतिथ्य में साहित्योत्सव आयोजित किया गया जिसका कुशल संचालन श्रीमती स्वाति ‘सरू’ जैसलमेरिया – जोधपुर ने किया। साहित्योत्सव में उपस्थित साहित्यकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से सभी को
मंत्र मुग्ध कर दिया।
समागत अतिथियों ने भाव विभोर होकर सभा को संबोधित किया और इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन हेतु सभी का आभार व्यक्त किया।तीन दिन तक काठमांडू के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करते हुए दो दिवस पोखरा के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। 31 मई को लुम्बनी में भगवान बुद्ध के जन्म स्थान पर जाकर सभी आगन्तुकों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। 1 व 2 जून को सभी ने यात्रा संघ के साथ अयोध्या में राम मंदिर,हनुमानगढी, व पांच जैन तीर्थंकरों की जन्म भूमि पर जाकर श्रद्धा भाव प्रकट किए। रत्नपुरी व श्रावस्ती में भी भ.धर्मनाथ व भ.संभवनाथ जी के जन्म कल्याणक क्षेत्र के दर्शन किए। स्मरण रहे कि 24 मई को भगवान मल्लिनाथ व भगवान नमिनाथ की जन्मभूमि मिथिलापुरी के साथ सभी ने सीतामढ़ी व जनकपुरी जाकर भगवान श्री राम वास सीता माता के प्रति श्रद्धा भाव प्रकट किया। इस प्रकार अथाई मीडिया इंटरनेशनल की ओर से 10 दिवसीय विदेश यात्रा का समापन हुआ। इस यात्रा का सफल संयोजन संगठन के संस्थापक व निर्देशक डॉक्टर अखिल बंसल के नेतृत्व में किया गया। नेपाल से डा. लक्ष्मण पंथी को संगठन में कार्याध्यक्ष, सुमित जैन को विदेश प्रभार व सुशील सेठी को नेपाल का समन्वयक मनोनीत किया गया। दल में 44 सदस्य थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.