ग्रेटर बाबा जिनालय चोरी कांड का खुलासा : 7आरोपी गिरफ्तार आस्था श्रद्धा भक्ति से जुड़ी प्रतिमाएं और अन्य सामग्री बरामद

 

इंदौर। (देवपुरी वंदना) संपूर्ण दिगंबर जैन समाज की आस्था, श्रद्धा और भक्ति के प्रमुख केंद्र इंदौर एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रेटर बाबा नवग्रह जिनालय में हुई बहुचर्चित चोरी की वारदात का खुलासा करने में पुलिस प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। लगभग एक माह की सतत एवं व्यापक कार्रवाई के बाद पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई अधिकांश सामग्री बरामद कर ली है।
उल्लेखनीय है कि 4 मई 2026 की मध्यरात्रि को ग्रेटर बाबा नवग्रह जिनालय में चोरी की बड़ी घटना हुई थी, जिससे संपूर्ण जैन समाज में गहरा आक्रोश एवं चिंता व्याप्त हो गई थी

चोर जिनालय से 6 चांदी की प्रतिमाएं, 3 अष्टधातु की प्रतिमाएं, 25 चांदी के कलश, 2 बड़े चांदी के कलश, 2 चांदी की थालियां, 2 चांदी के पूजा थाली सेट, 2 चंवर तथा 1 चांदी की पांडुशिला सहित लगभग 27 लाख रुपये मूल्य की धार्मिक एवं पूजन सामग्री चोरी कर ले गए थे।
घटना के बाद जैन समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने 10 मई को पुलिस आयुक्त श्री संतोष सिंह से भेंट कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गई सामग्री की बरामदगी की मांग की थी। पुलिस आयुक्त ने समाजजनों को आश्वस्त किया था कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
समाज की आस्था, ग्रेटर बाबा नवग्रह जिनालय के प्रभाव तथा पुलिस प्रशासन के प्रयासों पर जताया गया विश्वास अब सफलता के रूप में सामने आया है। जिनालय के अध्यक्ष श्री नरेंद्र वेद, श्री अनुराग वेद, श्री अशोक काला एवं पंडित नितेश जैन ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर बरामद सामग्री का निरीक्षण किया तथा डीसीपी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भी सहभागिता की।
पत्रकार वार्ता में पुलिस उपायुक्त श्री नरेंद्र रावत ने बताया कि अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा चोरी गई 7 प्रतिमाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद कर ली गई है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस को विश्वास है कि बाकी दो प्रतिमाएं एवं अन्य मूल्यवान सामग्री भी शीघ्र बरामद कर ली जाएगी।
पुलिस आयुक्त श्री संतोष सिंह के निर्देशन में डीसीपी श्री नरेंद्र रावत, अतिरिक्त डीसीपी श्री सुमित करकट्टे, एसीपी श्री विवेक चौहान, एरोड्रम थाना प्रभारी श्री सिंह व तेजाजी नगर थाना प्रभारी श्री देवेन्द्र मरकाम सहित लगभग 100 से 150 अधिकारियों एवं पुलिस जवानों की टीम ने मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों के साथ-साथ तेलंगाना सहित पांच राज्यों में लगातार अभियान चलाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई और इस चोरी कांड का सफलता पूर्वक पर्दाफाश किया।
जैन समाज ने इस उल्लेखनीय सफलता के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए शेष आरोपियों की गिरफ्तारी एवं बाकी सामग्री की शीघ्र बरामदगी की अपेक्षा व्यक्त की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.