इंदौर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपेश मोदी के जन्म दिवस पर उनके प्रशंसकों और मरीजों ने किया सम्मान

इंदौर। (देवपुरी वंदना) शहर इंदौर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रूपेश जैन मोदी के सफल सार्थक जीवन के 62 वर्ष की पूर्णता एवं जीवन के 63 वें वर्ष में प्रवेश प्रसंग के उपलक्ष में मोदी क्लिनिक पर आयोजित समारोह में उनके शुभचिंतक प्रशंसकों एवं मरीजों ने डॉ मोदी को शाल, दुपट्टा, मोती माला पहनाकर एवं श्रीफल और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया और बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्य अतिथि दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के पूर्व मंत्री डॉ जैनेंद्र जैन थे।

इस अवसर पर कई चिकित्सक एवं अनेकों मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव उपस्थित थे। डॉक्टर जैनेंद्र जैन ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक और व्यवसायिकता से प्रभावित चिकित्सा क्षेत्र में डॉक्टर मोदी जी का अपने मरीजों के प्रति लोभ मुक्त और सेवा प्रधान दृष्टिकोण वंदनीय है। आप रुग्ण मानवता की सेवा के प्रति समर्पित नगर के वरिष्ठ चिकित्सक ही नहीं बल्कि सेवा संवेदना और समर्पण की प्रतिमूर्ति भी हैं। अस्थमा, टीबी एवं फेफड़ों से संबंधित जटिल रोगों के उपचार के साथ-साथ अन्य रोगों के उपचार में भी निपुण होने के कारण नगर में आज आप एक भरोसेमंद लाइफ सेविंग फिजिशियन के रूप में स्थापित हैं।
डॉ. मोदी के उपचार से लाभान्वित श्रीमती मनोरमा जैन ने कहा कि डॉ. मोदी के पास उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज की पीड़ा को समझना और उसकी पीड़ा को दूर करना ही डॉ. मोदी का धर्म है। अपने सम्मान के उत्तर में डॉक्टर मोदी ने विनम्रता पूर्वक कृतज्ञता व्यक्त कर सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

You might also like