राजस्थान की गुलाबी नगरी जयपुर शहर में 16 दिसंबर 26 को भव्य जैनैश्वरी दीक्षा
जयपुर। ( देवपुरी वंदना ) राजस्थान की गुलाबी नगरी जयपुर में आगामी 16 दिसंबर को जैन धर्म, त्याग, तपस्या और वैराग्य की अनुपम छटा देखने को मिलेगी। श्रमण संस्कृति के महामहिम परम पूज्य पट्टाचार्य भगवंत श्री 108 विशुद्धसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य एवं परम पूज्य कुल गौरव श्रुतसंवेगी महाश्रमण मुनि श्री 108 आदित्यसागर जी महाराज के पावन करकमलों से भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव आयोजित होगा।
दिगंबर जैन समाज में मुनि दीक्षा का महत्व आत्मा के शुद्धिकरण, पूर्ण वैराग्य और मोक्ष मार्ग पर अग्रसर होने के लिए सर्वोच्च माना जाता है. यह सांसारिक मोह-माया और भौतिक वस्तुओं का पूर्ण त्याग कर आत्म-साधना में लीन होने का मुख्य माध्यम है.
प्रमुख महत्व और विशेषताएं
मोक्ष मार्ग की शुरुआत: दिगंबर परंपरा के अनुसार पूर्ण त्याग और संयम के बिना मोक्ष की प्राप्ति कठिन मानी जाती है. दीक्षा साधक को आत्म-कल्याण और मुक्ति की दिशा में स्थिर साधना का अवसर देती है.
निष्परिग्रहता और वैराग्य: दिगंबर मुनि वस्त्रों सहित सभी बाहरी परिग्रहों का त्याग करते हैं. यह अवस्था भीतर की आसक्ति और विकारों को दूर करने का प्रतीक है.
28 मूलगुणों का पालन:
दीक्षा के माध्यम से साधक 28 मूलगुणों को अंगीकार करता है. इनमें पांच महाव्रत (अहिंसा, सत्य, अचौर्य, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह), पांच समितियां, इंद्रिय निरोध, केशलोंच, अस्नान और अन्य कठोर संयम नियम शामिल हैं.
समाज को दिशा और प्रेरणा: मुनिराज अपने आचरण, तप और उपदेश से गृहस्थ समाज को धर्म, संयम और नैतिकता की राह दिखाते हैं.
इस पावन अवसर पर ब्रह्मचारी अतिशय भैया, ब्रह्मचारी विशाल भैया एवं ब्रह्मचारी रोहित भैया सांसारिक जीवन का त्याग कर जैनेश्वरी दीक्षा अंगीकार करेंगे।
यह महोत्सव महज एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मकल्याण, संयम, साधना और वैराग्य की ओर बढ़ते तीन दीक्षार्थियों के जीवन का ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पड़ाव है। दीक्षा महोत्सव जैन समाज के लिए धर्म प्रभावना और त्यागमय जीवन की प्रेरणा का अनुपम अवसर बनेगा।
6 दिसंबर से शुरू होंगे मंगल आयोजन
महोत्सव की शुरुआत 6 दिसंबर को परम पूज्य श्रुतसंवेगी महाश्रमण मुनि श्री 108 आदित्यसागर जी महाराज ससंघ की जयपुर में भव्य अगवानी के साथ होगी। 6 से 11 दिसंबर तक विभिन्न कॉलोनियों में संघ का मंगल प्रवास रहेगा। 12 दिसंबर को वीटी रोड ग्राउंड, मानसरोवर में भव्य मंगल प्रवेश होगा।
13 दिसंबर को मंगल प्रवचन एवं भक्तामर विधान आयोजित होगा। 14 दिसंबर को दोपहर में दीक्षार्थी भाइयों का हल्दी-मेहंदी समारोह तथा सायंकाल भव्य विनौली महोत्सव होगा। 15 दिसंबर को श्रमण संस्कृति के महामहिम पट्टाचार्य भगवंत श्री 108 विशुद्धसागर जी महाराज एवं श्रुतसंवेगी महाश्रमण मुनि श्री 108 आदित्यसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल मिलन, मंगल प्रवचन एवं गणधर वलय विधान होगा। इसी दिन शाम 7 बजे भव्य भक्ति संगीत ऋषभ संभव कॉन्सर्ट का आयोजन भी किया जाएगा।
16 दिसंबर को दीक्षा, 17 को महापारणा
16 दिसंबर को दोपहर 12:30 बजे भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव संपन्न होगा, जिसमें तीन ब्रह्मचारी भाई जैनेश्वरी दीक्षा अंगीकार कर संयम पथ पर अग्रसर होंगे। इसके पश्चात 17 दिसंबर को महापारणा का आयोजन होगा।
आयोजन स्थल एवं समिति
दीक्षा महोत्सव का आयोजन आरएचबी ग्राउंड, वीटी रोड, पैसिफिक मॉल के पीछे, मानसरोवर, जयपुर में होगा।
आयोजन आदित्य प्रेरणा मंच, जयपुर एवं दीक्षा महोत्सव समिति, जयपुर के तत्वावधान में किया जा रहा है।
समिति में शिरोमणि संरक्षक श्री अशोक चाँदवाड़, मुख्य संयोजक श्री सुनील पहाड़िया, संयोजक श्री पवन-संजय छाबड़ा, अध्यक्ष श्री दीक्षान्त हाड़ा, महामंत्री श्री अंकित चाँदवाड़ एवं कोषाध्यक्ष श्री राहुल जैन आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
सकल दिगम्बर जैन समाज, जयपुर की ओर से भारतवर्ष के समस्त जैन समाज एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार इस ऐतिहासिक दीक्षा महोत्सव में सम्मिलित होकर धर्म लाभ एवं पुण्यार्जन करने की विनम्र अपील की गई है।
तीन आत्माओं का संयम पथ पर प्रस्थान, जयपुर की धरती पर धर्म, त्याग और वैराग्य की अनुपम गाथा रचेगा।
प्रियंका जैन ✍🏽
“वैशाली” जयपुर


