इंदौर जैन समाज के लिए गर्व की बात: दीपक जैन “टीनू” बने 115 वर्ष पुरानी जैन युवा कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष
इंदौर ! (देवपुरी वंदना) ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध इंदौर जैन समाज एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। इंदौर के युवा समाजसेवी दीपक जैन “टीनू” को देश की 115 वर्ष पुरानी प्रतिष्ठित संस्था जैन युवा कॉन्फ्रेंस, नई दिल्ली का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संस्था के इतिहास में यह पहली बार है जब मध्यप्रदेश से किसी युवा को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है !
पूणे में हुआ ऐलान, देशभर में हर्ष
यह नियुक्ति पूणे (महाराष्ट्र) में युवाचार्य श्री महेंद्र ऋषि महाराज के सानिध्य में, जैन कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंदमय छजलानी (चेन्नई) द्वारा घोषित की गई। दीपक की उपलब्धि से न केवल इंदौर, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की जैन समाज की संस्थाओं में हर्ष की लहर है। विभिन्न संगठनों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे समाज की नई राष्ट्रीय पहचान बताया।
कई शहरों से थी दावेदारी
जानकारी के अनुसार, इस महत्वपूर्ण पद के लिए अहमदाबाद, चेन्नई, मुंबई, पुणे, दिल्ली, बैंगलोर, कोलकाता, मैसूर समेत देश के कई महानगरों से दावेदार थे। वर्ष 1906 में स्थापित यह संगठन वर्तमान में भारत के 18 से अधिक राज्यों में सक्रिय है।
सामाजिक जागरण को मिलेगी नई दिशा
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर दीपक जैन “टीनू” ने बताया कि जैन युवा कॉन्फ्रेंस से जुड़कर वह स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उनका लक्ष्य सेवा और सामाजिक जागरूकता को राष्ट्रीय स्तर तक संस्थागत रूप से आगे बढ़ाना है। उनका विश्वास है कि योजनाबद्ध प्रयासों से संगठन की गतिविधियाँ देश के हर जिले तक पहुँचेंगी, और युवा समाज को ‘सार्थक जीवन और सभ्य समाज’ के लक्ष्य के साथ मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
समाज की ओर से अभिनंदन
जैन समाज के विभिन्न संगठनों और समाजजनों ने दीपक जैन “टीनू” को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दी। समाज का मानना है कि उनके नेतृत्व में संगठन और समाज, दोनों को नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी।
देवपुरी वंदना समाचार परिवार कुशल युवा नेतृत्व करता भाई दीपक जैन को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता है !